तेंदुए की मौत के प्रकरण में विद्युत करंट से शिकार दो आरोपी गिरफ्तार…
उक्त गंभीर मामले को लेकर सी सी एफ बिलासपुर मनोज पांडेय बिलाईगढ़ दौरे पर...

बिलाईगढ़ –
वन परिक्षेत्र बिलाईगढ़ अंतर्गत कक्ष क्रमांक 446 में दिनांक 07.11.2026 को गश्ती के दौरान एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20905/2, दिनांक 07.11.2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल से गेड़ी, सब्बल एवं जी.आई. तार सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। जिला स्तरीय पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा तेंदुए का शव परीक्षण किया गया तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों की जांच हेतु आवश्यक नमूने एकत्रित कर सीलबंद किए गए। इसके पश्चात नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया।
प्रकरण की जांच में डॉग स्क्वायड की सहायता ली गई। जांच के दौरान ग्राम गोंदली में खेत में तार बिछाकर विद्युत खंभे से अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर वन्यप्राणी का शिकार किए जाने के साक्ष्य प्राप्त हुए। उपलब्ध साक्ष्यों एवं डॉग स्क्वायड से प्राप्त संकेतों के आधार पर दो आरोपियों होरीलाल/किरीट यादव (55 वर्ष) एवं फागूलाल/गणपत यादव (25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गोंदली, को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को दिनांक 09.11.2026 को माननीय न्यायालय बिलाईगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
यहां यहां बताना लाजिमी है कि वन विभाग बिलाईगढ़ परिक्षेत्र में रेंजर से लेकर अधिकांश कर्मचारी स्थानीय होने के कारण अक्सर घर में ही रहते हैं वनक्षेत्र में ड्यूटी करते ही नहीं है,तथा दबंग मैदानी कर्मचारियों तथा फुल प्लेस रेंजर का अभाव कई वर्षों से बना हुआ है इसके कारण क्षेत्र में अवैध कारोबार तेजी से फल फूल रहा है।जिसके वजह से बिलाईगढ़ से लगा जंगल आज 15 किलोमीटर दूर नजर आता है ,चाहे जंगल कटाई का मामला हो या वन्य प्राणी शिकार का मामला या जंगल में आगजनी की घटना, चाहे रिजर्व फॉरेस्ट एरिया में अतिक्रमण का मामला, इस तरह के अवैध कारोबारों पर कोई रोक-टोक नहीं होने से अंदाजा लगाया जा सकता है यहां के अधिकारी कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति कितने सक्रिय एवं जागरूक है ।
प्रबुद्ध नागरिको एवम रहवासियो ने इस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग किया है ।
इस घटना के संबंध में सीसीएफ बिलासपुर मनोज पांडे का बिलाईगढ़ आगमन हुआ इन्होंने घटनास्थल एवं घटना से जुड़े तथ्यों को बारीकी से देखा।
उनका कहना है कि अभी थोड़ा गोपनियता बरतते हुए प्रक्रिया नियमानुसार कर रहे हैं ताकि जितने भी मुलजिम है जल्द से पकड़ में आ जाए फिर इसमें जो भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।



