कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने जिले के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के टॉपर बच्चों को किया सम्मानित…
डॉ कन्नौजे ने बच्चों का किया कैरियर मार्गदर्शन...

कलेक्टर ने शील्ड और प्रशस्ति पत्र के साथ साथ दी सफलता के टिप्स…
सारंगढ़ बिलाईगढ़ – कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने कलेक्टर कार्यालय में जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के टॉपर बच्चों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया साथ ही उनके माता-पिता, शिक्षक को लगातार शिक्षा देने और मॉनिटरिंग करने के लिए उन्हें बधाई दी और हमेशा बच्चों के प्रति सजग रहकर उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण करने की शुभकामनायें दी। कलेक्टर ने सभी बच्चों का हौसला अफजाई करते हुए टॉपर बच्चे, पालक और गुरुजनो के साथ सामूहिक फोटो खिचवाया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जोइधा राम डहरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बारी बारी से सभी बच्चों को उनके नाम, कैरियर में लक्ष्य पूछा। बच्चों ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, सीए, वकील, प्रोफेसर बनने की इच्छा जताई। डॉ संजय ने लक्ष्य को पाने के लिए आवश्यक तैयारी, पूरी मेहनत, लगन से लक्ष्य तक पहुंचने की जद्दोजहद और असफल होने पर निराश नहीं होने की सीख दी। कलेक्टर ने कहा कि ऐसा भी होता है कि यूपीएससी और पीएससी में सलेक्शन पहली, दूसरी, तीसरी बार में या कई बार परीक्षा देने के बाद होता है। असफल होने पर स्वयं को ऑडिट करने का अवसर मिलता है। इस दौरान जहाँ कमी है उस विषय की तैयारी करनी चाहिए। कलेक्टर ने बच्चों के जिज्ञासा और सिविल सेवा की तैयारी के संबंध में पूछे गए प्रश्नों का जवाब दिया। डॉक्टर कन्नौजे ने अपनी प्रारंभिक पृष्ठभूमि, परीक्षा की तैयारी आदि के बारे में बताया।




