काल के भय से मुक्त कर व्यक्ति को शांति एवं समाज को क्रांति देने वाला शास्त्र है भागवत-पंडित विकास मिश्रा जी …
भगवत शरणागति से जीव को सुख- शांति एवं तीनों प्रकार के तापों से मुक्ति मिल जाती है-पंडित विकास मिश्रा जी ...



बिलाईगढ – अनुविभाग मुख्यालय बिलाईगढ के इंदिरा मार्केट में अधिवक्ता /नोटरी गोपाल दुबे- बबीता दुबे द्वारा स्वर्गीय कुलदीपक दुबे के स्मृति में विश्व कल्याण हेतु संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा आयोजित है। दिनांक 27/ 11 /2026 को कलश यात्रा देवपूजन वेदीपूजन के साथ प्रारंभ हुई कथा दिनांक 5/ 12/2026 को गीता पूजन हवन कपिला तर्पण के साथ विश्राम लेगी। कथा प्रतिदिन दोपहर लगभग 2:00 बजे से प्रारंभ होकर हरि इच्छा तक जारी है। नगर पंचायत तुम गांव जिला महासमुंद से पधारे हुए पंडित विकास मिश्राजी ब्यासासीन होकर अपनी मधुर सहज सरल ओजमयी वाणी में ज्ञान एवं भक्तिरस से परिपूर्ण संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं।
मंगलाचरण नाम संकीर्तन के साथ कथा का शुभारंभ करते हुए कथावाचक पंडित विकास मिश्राजी ने बताया कि श्रीमद्भागवत स्वयं भगवान के मुख से निःसृत कलीकाल का पंचम वेद है। यह व्यक्ति को शांति एवं समाज को क्रांति देने वाला एकमात्र शास्त्र है, जो मानव जीवन में विशुद्ध प्रेम की स्थापना करते हुए मृत्यु को भी मंगलमय कर देता है और जीव को काल के भय से मुक्त कर देता है । श्रीमद्भागवत आध्यात्मिक रस वितरण के सार्वजनिक प्याऊ है जिसमें ज्ञान वैराग्य भक्ति का अनूठा संगम है। परम सत्य की अनुभूति कराते हुए नर को नारायण पद प्राप्त कराने का उत्तम सोपान है श्रीमद्भागवत। तीनों प्रकार के तापों से मुक्ति का आश्रय है भागवत ।जो तन के रोगों से पीड़ित है, मन के विकारों से ग्रसित और धन के भय से आक्रांत है, ऐसे जीवों के लिए भागवत साक्षात कल्पवृक्ष है। स्कंद पुराण में वर्णित है- धनं पुत्रांस्तथा दारान वाहनादि यथो गृहान। असापत्न्यं च राज्यं च दद्माद भागवती कथा।। अर्थात भागवत की कथा धन पुत्र स्त्री वाहनादि यश मकान और निष्कंटक राज्य भी दे सकती है। किंतु निष्काम प्रेमियों के लिए कलियुग में साक्षात श्रीकृष्ण की प्राप्ति कराने वाला और नित्य प्रेमानंदरूप फल प्रदान करने वाला है श्रीमद्भागवत।
कथा व्यास पंडित विकास मिश्राजी ने भक्ति देवी के दोनों पुत्र ज्ञान एवं वैराग्य का कलियुग के आने पर उनके प्रभाव से वृद्ध हो जाने एवं नारदजी के द्वारा हरिद्वार के गंगातट पर स्थित आनंद घाट में सनकादिक ऋषियों के द्वारा श्रीमद्भागवत की कथा श्रवण से युवावस्था को प्राप्त होने की कथा को विस्तार से कह करके सुनाये। कथावाचक पंडित विकास मिश्रा जी ने कथा सुनाते हुये कहा कि जीव जब तक भगवान की शरणागति ग्रहण नहीं करता तब तक उसे इस संसार में दुख के सिवाय कहीं भी सुख- शांति एवं त्रीतापों से मुक्ति नहीं मिलती है ।व्यक्ति को सुख- शांति की प्राप्ति एवं तीनों प्रकार की तापो से मुक्ति के लिए भगवान की शरणागति ग्रहण कर कथा कीर्तन सत्संग करते हुए अपने कर्तव्य कर्मों का पालन करना चाहिए। आगे कथावाचक ने आत्मदेव ब्राह्मण उसकी पत्नी धुंधली उसके पुत्र धुंधकारी एवं गौकरण की कथा सुनाते हुए बताये कि धुंधकारी घोर अन्याय अत्याचार पाप कर्म वेश्यागमन करते हुए मृत्यु उपरांत प्रेत योनि को प्राप्त हुआ । उसके छोटे भाई गौकर्ण द्वारा श्रीमद्भागवत कथा श्रवण कराकर उनके उद्भार की कथा को विस्तार से कह करके श्रोताओं को सुनाये।
कथावाचक पंडित विकास मिश्राजी, कथा आयोजक गोपाल दुबे -बबीता दुबे एवं उनके परिवार से दामोदर दुबे अध्यक्ष नगर पंचायत बिलाईगढ़, कौशलेश दुबे, दिलीप दुबे, बद्रीप्रसाद दुबे, जगदीश पांडेय, त्रिलोक दुबे, नवरत्न दुबे, ओमप्रकाश दुबे, शिवमंगल दुबे, चंद्रहास दुबे, आशु दुबे आदि लोगों ने अधिक से अधिक लोगों को आकर इस कथा से लाभ उठाने के लिए निवेदन किए हैं।



